सावधान बिहार! बादल कहर बरपाने को तैयार, 32 जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से सतर्क रहने की अपील

Bihar Weather:बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक सूबे के अधिकांश हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।...

बिहार में बादल कहर बरपाने को तैयार- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बिहार में आज यानी मंगलवार को मानसून पूरी तरह मेहरबान रहने के आसार हैं। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक सूबे के अधिकांश हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं कई इलाक़ों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक, तेज़ हवाओं और वज्रपात का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील करते हुए खुले मैदान, ऊँचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से परहेज़ करने की नसीहत दी है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर बिहार और गंगा के किनारे बसे इलाक़ों में बिजली गिरने का ख़तरा अधिक बताया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिना ज़रूरत यात्रा करने से बचें।बारिश के असर से बिहार के कई ज़िलों में मौसम बेहद ख़ुशनुमा रहने की उम्मीद है। किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, सीतामढ़ी और पश्चिम चंपारण में तापमान सामान्य से कम रह सकता है। दिनभर बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में होने वाली बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मधुबनी, जमुई और मुजफ्फरपुर समेत कुल 32 ज़िलों में तेज़ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर और मध्य बिहार के कई हिस्सों में मानसून पूरी रफ़्तार से सक्रिय रहेगा। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, नवादा, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद तथा गया में रुक-रुक कर बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज़ वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, नालंदा और पटना समेत कई ज़िलों में वज्रपात का गंभीर ख़तरा जताया है। ऐसे में किसानों, खेतों में काम करने वाले मज़दूरों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने या खुले मैदान में रुकने से बचने की हिदायत दी गई है।

बीते सोमवार को भी सीमांचल, मिथिलांचल और उत्तर बिहार के कई हिस्सों में छिटपुट से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं पटना सहित मध्य बिहार के कुछ इलाक़ों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश हुई। अब मंगलवार को मानसून के और अधिक सक्रिय होने से बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने साफ़ कहा है कि हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आम नागरिक पूरी तरह मुस्तैद रहें, क्योंकि मौसम कभी भी करवट बदल सकता है। थोड़ी सी लापरवाही जान-माल के लिए ख़तरा बन सकती है, इसलिए सतर्कता और एहतियात ही सबसे बड़ा बचाव है।