Bihar Weather: 15 जिलों पर बारिश-तूफान का अलर्ट, बिहार के कई हिस्सों में गरजेंगे बादल और चलेंगी तेज हवाएं, दक्षिण बिहार में गर्मी का सितम रहेगा बरकरार

Bihar Weather: बिहार में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला-बदला नजर आने वाला है। ...

15 जिलों पर बारिश-तूफान का अलर्ट- फोटो : reporter

Bihar Weather: बिहार में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला-बदला नजर आने वाला है। एक तरफ जहां उत्तर, उत्तर-पूर्व और पूर्वी बिहार के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की आमद से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून अब सक्रिय होता दिख रहा है, जिसके असर से कई जिलों में राहत की बारिश होने की संभावना है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने सीमांचल और उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। अररिया, किशनगंज, कटिहार, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर और पूर्वी चंपारण में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। किसानों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को विशेष एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है।

मौसम विभाग ने अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, भागलपुर और बांका समेत 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा, अरवल, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में गर्मी का कहर जारी रह सकता है।यहां उमस और बेचैनी लोगों को परेशान कर सकती है।

हालांकि सीमांचल और मिथिलांचल के जिलों में बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते मौसम खुशनुमा बना रहेगा। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा और मधुबनी में तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

बुधवार को भी पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, दरभंगा, मधुबनी और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई थी, जबकि पटना और दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी बनी रही। मौसम के इस बदले रंग से अब लोगों को मानसून की आमद का बेसब्री से इंतजार है।