Bihar Weather: बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ! आज पूरे बिहार में कोल्ड डे, अलर्ट जारी, 24 घंटे सावधान रहे...

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड से लोगों का हाल-बेहाल है। आज मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अगले 4 से 5 दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

ठंड से ठिठुरता बिहार - फोटो : News4nation

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर रखा है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच लोग घर से निकलने और काम करने को मजबूर हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। मधुबनी को छोड़ दें तो राज्य के 37 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से. से नीचे ही दर्ज किए जा रहे हैं।

आज कैसा रहेगा मौसम 

पिछले 24 घंटों में भागलपुर, शेखपुरा, छपरा, किशनगंज और गया में न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को बिहार के सभी जिलों के लिए कोल्ड-डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है।

3 से 4 दिनों में नहीं मिलेगी राहत 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों तक पहुंच रहा है। इसके कारण ठंडी पछुआ हवाएं बिहार में प्रवेश कर रही हैं, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। वहीं गुरुवार को कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे कनकनी और बढ़ेगी। खुले इलाकों, खेतों और हाइवे पर ठंड का असर अधिक रहेगा।

4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट 

मौसम विभाग की मानें तो, अगले चार दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2–3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार हैं। इससे रात के साथ-साथ दिन में भी ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी और सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस होगी। हालांकि, बुधवार को कई जिलों के न्यूनतम तापमान में शून्य से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।