Bihar Weather: बिहार में हाड़कंपा देने वाली ठंड ! बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, 28 जिलों के लिए अलर्ट, कोल्ड डे....

Bihar Weather: बिहार में हाड़कंपा देने वाली ठंड महसूस हो रही है। बर्फीली हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज 28 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

ठंड से ठिठुरता बिहार - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड का असर लगातार जारी है। बर्फीली हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज 28 जिलों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। पटना समेत पूरे राज्य में 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवाएं चल रही हैं। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

28 जिलों के लिए अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 10 जिलों में हल्के कोहरे के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार हैं, ऐसे में फिलहाल अगले दो दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप नहीं निकली। कहीं-कहीं हल्की धूप दिखी भी तो कुहासे के आगे बेअसर नजर आई। 

कोल्ड डे की स्थिति

पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। पटना का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच महज 1.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है। सबसे घना कोहरा वाल्मीकिनगर में दर्ज किया गया, जहां दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई। 

पटना में कैसा रहेगा मौसम 

राजधानी पटना में भी सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन लोगों को ठिठुरन से राहत नहीं मिलेगी। सुबह के समय घना कोहरा और दिन में भी ठंड का असर बरकरार रहेगा।

अभी और बढे़गी ठिठुरन 

बिहार में शीतलहर की औपचारिक स्थिति नहीं है, क्योंकि न्यूनतम तापमान लगातार चार दिनों तक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। हालांकि पहाड़ों पर जारी बर्फबारी के कारण बिहार में सर्द पछुआ हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिससे शीत दिवस जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं। अगले दो दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है, इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है।