Bihar Weather: छाता या रेनकोट साथ रखना न भूलें, बिहार में आज बारिश का डबल अटैक, भागलपुर-मधुबनी-जमुई में मूसलाधार बारिश का खतरा, वज्रपात से भी रहें होशियार
Bihar Weather: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर है। राज्य के कई जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर है। मौसम विज्ञान केंद्र,पटना ने आज यानी बुधवार को राज्य के कई जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं तो छाता या रेनकोट साथ रखना न भूलें। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा और कई इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया और सुपौल के लिए अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और सहरसा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में अगले एक सप्ताह के भीतर दो कम दबाव के क्षेत्र बनने की संभावना है। पहला सिस्टम अगले एक-दो दिनों में विकसित होकर धीरे-धीरे चक्रवाती परिसंचरण का रूप ले सकता है, जबकि दूसरा सिस्टम 18 और 19 जुलाई के आसपास बनने के आसार हैं। इन मौसमी सिस्टमों के असर से पूरे बिहार में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।
बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि औराई को कटरा प्रखंड से जोड़ने वाला कटरा पीपा पुल पानी में डूब गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
उधर मुंगेर में भी गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दियारा क्षेत्रों में कटाव तेज हो गया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वहीं गोपालगंज में लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलजमाव हो गया है और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश होगी वहां तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन जहां बारिश नहीं होगी वहां उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मानसून की यह नई सक्रियता आने वाले दिनों में बिहार के कई जिलों के लिए राहत भी ला सकती है और मुसीबत भी, इसलिए एहतियात ही सबसे बड़ा बचाव है।