Bihar Weather: बिहार में आज से बदला मौसम का मिजाज! अगले 4 दिनों के लिए आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, घर से ना निकलें

Bihar Weather: बिहार में आज से मौसम का मिजाज बदल रहा है। अगले 4 दिनों के लिए आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने का सलाह दिया है।

4 दिनों के हाई अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से लोगों का हाल बेहाल है। इसी बीच राहत की खबर सामने आ रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज से 4 दिनो तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है।  कई जिलों में तेज धूप और लू जैसी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। राज्य में अधिकतम तापमान भले ही 40°C से घटकर 38.4°C पर पहुंचा, लेकिन उमस और तपिश बरकरार रही।

4 दिनों तक खराब रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहेगा। आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है।

9 अप्रैल के बाद फिर बढ़ेगा तापमान 

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम 9 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा। 6 अप्रैल से बारिश का दायरा बढ़ेगा और पूर्वी बिहार को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में असर दिखेगा। बार-बार हो रही बारिश और गरज-चमक को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।

कैसा रहेगा पटना का मौसम 

राजधानी पटना में रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि सोमवार और मंगलवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण बिहार के औरंगाबाद, अरवल, गया और रोहतास जैसे जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटाई और मड़ाई के दौरान विशेष सावधानी बरतें और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें।

मौसम विभाग की सख्त चेतावनी 

भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास समेत कई जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को 9 अप्रैल तक सतर्क रहने और घर से बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी है। साथ ही, वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।

आंधी-बारिश का अलर्ट 

5 अप्रैल को दक्षिण और पश्चिम बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश के आसार हैं। 6 अप्रैल को पूर्वी बिहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में खराब मौसम रहेगा। 7 अप्रैल को पूरे राज्य में असर दिखेगा, जबकि 8 अप्रैल को मौसम और भी विकराल रूप ले सकता है, जब कई जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका है। 9 अप्रैल को भी अधिकांश जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।