Bihar Weather: बिहार में मौसम का डबल गेम, दिन में तपिश,रात में सिहरन… अब आंधी-बारिश का अलर्ट हो गया जारी, जानिए अपने जिले के वेदर का हाल

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। ....

बिहार में मौसम का डबल गेम- फोटो : X

Bihar Weather:बिहार में इन दिनों मौसम का मिज़ाज तेजी से करवट ले रहा है। दिन के वक्त तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को पसीना छुड़ा रही है, तो वहीं रात होते ही फिज़ा में हल्की ठंडक महसूस होने लगती है। हालात ऐसे हैं कि दिन में लोग अब स्वेटर और जैकेट पहनना लगभग छोड़ चुके हैं, लेकिन रात के समय हल्की चादर या पतला कंबल अभी भी काम आ रहा है। कुल मिलाकर सर्दी अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी है और गर्मी की दस्तक साफ तौर पर महसूस की जा रही है।

अगर शुक्रवार को दर्ज तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार के लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। उत्तर बिहार में मोतिहारी 33.6डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। किशनगंज में 32 डिग्री सेल्सियस  तापमान रिकॉर्ड हुआ।मध्य और दक्षिण बिहार की बात करें तो राजधानी पटना में पारा 32.6 डिग्री सेल्सियसतक पहुंच गया। गया, मुजफ्फरपुर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद और समस्तीपुर जैसे जिलों में भी अधिकतम तापमान 31डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे साफ है कि पूरे प्रदेश में दिन के समय अब अच्छी खासी गर्मी महसूस होने लगी है।वहीं रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस  से 20.8 डिग्री सेल्सियस   के बीच दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 14.8 डिग्री सेल्सियस   रिकॉर्ड किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस   रहा, जिससे साफ है कि रात की ठंड अब काफी हद तक कम हो चुकी है।

इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर एक अहम चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक 9 से 11 मार्च के बीच बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे खासकर किसानों की चिंता बढ़ सकती है क्योंकि इस समय कई जगहों पर फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 9 और 10 मार्च को उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 11 मार्च को पूर्वी और मध्य बिहार के कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार भी तेज रह सकती है, जिससे मौसम अचानक करवट ले सकता है।