Bihar Weather:बिहार में गुलाबी ठंड की आहट, सुबह शाम मौसम रहेगा सुहाना, दीपावली तक नहीं होगी बारिश
Bihar Weather:बिहार में आज मौसम पूरी तरह सामान्य रहने का अनुमान है।
Bihar Weather:बिहार में आज मौसम पूरी तरह सामान्य रहने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह के वक्त कुछ चुनिंदा जगहों पर हल्की धुंध या कोहरा जरूर देखने को मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और खिलकर धूप निकलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य में बारिश कराने वाली कोई भी मजबूत मौसमी गतिविधि सक्रिय नहीं है, जिसके चलते नवंबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत तक पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम बने रहने के आसार हैं।
तापमान की स्थिति और दीपावली का पूर्वानुमान
राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन यानी ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर के वक्त धूप खिलने के कारण मौसम थोड़ा गर्म रह सकता है।आने वाले त्योहार यानी दीपावली (8 नवंबर) के दिन भी बिहार में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 8 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। कुछ स्थानों पर सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है, जबकि सतही हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
राजधानी पटना में कैसा रहेगा तापमान?
राजधानी पटना की बात करें तो यहाँ आसमान साफ रहने की पूरी संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा रहने के बाद दिनभर धूप खिली रहेगी।