Bihar Weather:बिहार में सुबह की धुंध, दोपहर में धूप का सुकून, अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम? पढ़िए
Bihar Weather: बिहार में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ मौसम का रंग भी बदलने लगा है। ...
Bihar Weather: बिहार में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ मौसम का रंग भी बदलने लगा है। सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और धुंध की चादर के साथ हो रही है, तो दोपहर में खिलती धूप लोगों को राहत दे रही है। 26 नवंबर को भी सूबे में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल सकता है। सुबह कई जिलों में कोहरे का असर रहेगा, लेकिन सूरज चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल बारिश को लेकर कोई फिक्र नहीं है। अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम के खुश्क बने रहने की संभावना है। यानी किसानों और आम लोगों को बारिश की चिंता नहीं करनी होगी, हालांकि सुबह-शाम की सर्दी धीरे-धीरे अपना असर बढ़ाती रहेगी।
तापमान की बात करें तो आज प्रदेश में अधिकतम पारा 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 17 डिग्री तक रहने का अनुमान है। गया में सबसे ज्यादा ठंड महसूस हो सकती है, जहां पारा 11 डिग्री तक लुढ़कने की संभावना है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के आसपास रह सकता है।
पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर और चंपारण के दोनों जिलों में सुबह धुंध परेशानी बढ़ा सकती है। खासकर सड़कों पर सफर करने वालों को एहतियात बरतने की जरूरत है। उधर, पटना की हवा भी चिंता बढ़ा रही है। यहां AQI 231 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है। बिहार में फिलहाल बारिश की गुंजाइश नहीं है, मगर कोहरे, ठंड और प्रदूषण की तिकड़ी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।