Bhagalpur Education Department: भ्रष्टाचार और अनियमितता पर DEO की सख्त चेतावनी, बोले- दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
Bhagalpur Education Department: भागलपुर के DEO मुकेश कुमार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार पर चेतावनी दी। अनियमितता मिलने पर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई होगी।
Bhagalpur Education Department: भागलपुर में शिक्षा विभाग में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के बीच जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि शिक्षा विभाग में काम करने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी कान खोलकर सुन लें कि उनकी पहली जिम्मेदारी बच्चों और बच्चियों का शैक्षणिक उन्नयन है। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मी अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा अवैध कार्यों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं, वैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए थी। सरकार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जो दायित्व सौंपे हैं, उनका ईमानदारी से पालन करना होगा। सरकारी व्यवस्था में रहकर भ्रष्टाचार या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी ने किया भागलपुर का दौरा
जिले में शिक्षा व्यवस्था के विकास और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी पंकज श्रीस्कर का दो दिवसीय भागलपुर दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया और शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। जिला शिक्षा विभाग की ओर से इन निर्देशों के अनुपालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नीति आयोग के छह सूचकांकों पर होती है जिलों की ग्रेडिंग
जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नीति आयोग की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में छह प्रमुख बिंदुओं पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इन छह सूचकांकों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था में हो रही प्रगति, सुधार और उपलब्धियों की नियमित समीक्षा की जाती है। जिलों की ग्रेडिंग भी इन्हीं प्रदर्शन सूचकांकों के आधार पर होती है। भागलपुर में शिक्षा के स्तर में कितना सुधार हुआ है और किन क्षेत्रों में अभी और बेहतर काम करने की जरूरत है, इसका आकलन करने के उद्देश्य से केंद्रीय अधिकारी का दौरा हुआ।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों के निरीक्षण, शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गड़बड़ी करने वालों के लिए विभाग में कोई जगह नहीं
शिक्षा विभाग में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर डीईओ मुकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि विभाग में किसी भी तरह की गलत गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोग अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने या सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीईओ के इस सख्त बयान के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर निगरानी तथा जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि विभाग में सामने आ रही अनियमितताओं पर कार्रवाई कितनी तेजी से होती है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए दिए गए निर्देशों का कितना प्रभाव जमीन पर दिखाई देता है।
Bhagalpur से balmukund kumar