Bihar Weather: अगले 48 घंटे बिहार के लिए बेहद खतरनाक, पटना से पूर्णिया तक के लिए IMD की जारी की बड़ी चेतावनी, 21 जिलों में तूफानी बारिश का खतरा

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर डरावना रुख अख्तियार कर लिया है।अगले 48 घंटे बेहद खतरनाक हैं...

अगले 48 घंटे बिहार के लिए बेहद खतरनाक- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर डरावना रुख अख्तियार कर लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने सूबे के कई जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले 72 घंटे बेहद नाज़ुक और संवेदनशील साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी आंधी चल सकती है, जबकि वज्रपात और आकाशीय बिजली भारी तबाही मचा सकती है। लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलने से मना किया गया है।

गया, जहानाबाद, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से एक्टिव हो चुकी हैं, जिसकी वजह से मौसम बार-बार करवट बदल रहा है।

राजधानी पटना में शुक्रवार को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने शहर में अफरा-तफरी मचा दी। कई इलाकों में विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह चरमरा गया। लोक भवन और मुख्य सचिवालय के बीच भी कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए। तेज हवाओं की वजह से पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर बिखर गईं और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।

बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं। प्रशासन लगातार लोगों से एहतियात बरतने की अपील कर रहा है। खासतौर पर किसानों, बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पटना में 9 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन मौसम का मिज़ाज कब बिगड़ जाए, इसे लेकर विभाग भी पूरी तरह चौकन्ना है।