Bihar Weather: बिहार में अब पसीने छुड़ाएगी गर्मी! अगले 24 घंटे में पलटने वाला है मौसम, जानिए IMD की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार के मौसम में अगले 24 घंटे में बदलाव देखने को मिलेगा। इस बार गर्मी पसीने छुड़ाएगी। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रात में फिलहाल हल्की ठंड महसूस हो रही है।
Bihar Weather: बिहार में अब भी रात में हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन अब ठंड अपने अंतिम पड़ाव में है और जल्द ही रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में फरवरी के अंतिम दिनों में ही गर्मी का असर महसूस किया जाने लगा है और मार्च की शुरुआत के साथ ही तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
कई जिलों में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा
गुरुवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.8°C कैमूर में दर्ज किया गया। इसके अलावा औरंगाबाद में 30.2°C, डेहरी में 30.6°C, शेखपुरा में 30.5°C, बांका में 30.7°C, बक्सर में 30.9°C, भागलपुर में 30.1°C और फारबिसगंज में 30.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 29°C रहा, जबकि आसपास के जिलों में पारा 28 से 30°C के बीच बना रहा। तेज धूप और दोपहर के समय सुस्त वातावरण ने गर्मी का अहसास बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि साफ आसमान और धूप की तीव्रता में इजाफा तापमान बढ़ने की मुख्य वजह है।
अगले 24 घंटे में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हवा की दिशा में बदलाव और धूप की तीव्रता बढ़ने से दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। रात के तापमान में भी इजाफा होने की संभावना है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि बादल या वर्षा जैसी कोई बड़ी मौसमी गतिविधि नहीं हुई तो मार्च की शुरुआत तक राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 33 से 35°C के बीच पहुंच सकता है।
बदलते मौसम में बढ़ रही बीमारियां
मौसम के इस संक्रमण काल में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार बदलते मौसम में लोग कपड़ों और खान-पान को लेकर लापरवाही बरतने लगते हैं, जिससे सर्दी-खांसी, बुखार और एलर्जी के मामले बढ़ जाते हैं। यही कारण है कि इन दिनों अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। कुल मिलाकर बिहार में सर्दी अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और गर्मी ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के साथ मौसम पूरी तरह गर्म रुख अपना सकता है।