Bihar weather: सुबह-सुबह छाया अंधेरा, बिहार के 32 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, प्री-मानसून की धमाकेदार एंट्री
Bihar weather:भीषण गर्मी और उमस से बेहाल बिहारवासियों को गुरुवार की सुबह बड़ी राहत लेकर आई। ..
Bihar weather:भीषण गर्मी और उमस से बेहाल बिहारवासियों को गुरुवार की सुबह बड़ी राहत लेकर आई। सुबह होते ही मौसम ने अचानक करवट बदली और राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। आरा, बक्सर, छपरा, सुपौल, मुजफ्फरपुर और आसपास के कई इलाकों में हुई बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी की कमर तोड़ दी।सुबह के समय मौसम इतना बदला हुआ नजर आया कि कई जिलों में दिन के उजाले के बावजूद अंधेरे जैसी स्थिति बन गई। घने काले बादलों और धूल भरी आंधी के कारण सड़क पर चलने वाले वाहनों को अपनी हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं और वर्षा के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कई स्थानों पर गरज-तड़क के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 13 जून तक राज्य में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में दिखाई दे रही वर्षा गतिविधियां प्री-मानसून सिस्टम का हिस्सा हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम सक्रिय हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों के भीतर बिहार में मानसून के विस्तार के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं और अगले सप्ताह तक मानसून की दस्तक संभव है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से वज्रपात की आशंका को देखते हुए किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है। बारिश से जहां आम लोगों को राहत मिली है, वहीं कृषि क्षेत्र, जलस्रोतों और पर्यावरण के लिए भी यह वर्षा बेहद लाभकारी मानी जा रही है। फिलहाल पूरे बिहार में मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से अस्थायी राहत मिल गई है।