Bihar Weather: बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पटना समेत 11 जिलों में आंधी-वज्रपात से आफत का खतरा

Bihar Weather: कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है।

जमकर बरसेंगे बदरा- फोटो : social Media

 Bihar Weather:बिहार में मानसून एक बार फिर अपना मिजाज बदलता नजर आ रहा है। सूबे के कई हिस्सों में बारिश की रफ्तार भले ही कमजोर हो, लेकिन कुछ जिलों में बादलों ने ऐसा डेरा डाला है कि मौसम का रंग पूरी तरह बदल गया है। राजधानी पटना में रात के वक्त तेज बारिश ने दस्तक दी, जबकि खगड़िया में दिन के दौरान मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 25 से 27 अगस्त के बीच बिहार में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।आज 25 अगस्त को राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने लखीसराय, मधुबनी, भागलपुर, किशनगंज, पूर्णिया, बेगूसराय, वैशाली, जहानाबाद, सिवान, दरभंगा और बक्सर में तेज बारिश तथा खराब मौसम को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में बादलों की गर्जना के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

हालांकि तस्वीर सिर्फ इन 11 जिलों तक सीमित नहीं है। IMD के पटना केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे बिहार में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। यानी सूबे के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का तेवर अलग-अलग रह सकता है, लेकिन सावधानी पूरे राज्य में जरूरी है।

उत्तर और उत्तर-पश्चिम बिहार के इलाके भी मौसम के लिहाज से संवेदनशील बने हुए हैं। गोपालगंज और चंपारण क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां खास तौर पर तेज रहने की संभावना जताई गई है। पिछले दिनों भी इन इलाकों में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर देखने को मिला है। ऐसे में आने वाले घंटों में स्थानीय स्तर पर तेज बारिश की स्थिति बन सकती है।

आंधी और बिजली से रहें होशियार

बारिश के दौरान सिर्फ पानी ही परेशानी नहीं बनेगा, बल्कि तेज हवा और आकाशीय बिजली भी खतरा बढ़ा सकती है। विशेष रूप से भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को खुले मैदान, खेत, तालाब या जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की जरूरत है। पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों के नीचे खड़े होने से भी बचना चाहिए।

कहीं राहत, कहीं उमस की आफत

बिहार के सभी 38 जिलों में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा। जहां बादल और बारिश होगी, वहां तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। उत्तर बिहार के कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस अपना असर दिखा सकती है। लिहाजा बिहार में मानसून का यह दौर राहत और आफत, दोनों का मिला-जुला मंजर पेश कर सकता है।