Patna Traffic Diversion: पटना के कई रास्ते आज रहेगे बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ लें कहां कहां हुआ है रुट डायवर्जन
Patna Traffic Diversion: पटना में आज 25 अगस्त को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।...
Patna Traffic Diversion: पटना में आज 25 अगस्त को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गांधी मैदान और कोतवाली इलाके में सुबह 10 बजे से कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगा। यह व्यवस्था छात्रों के प्रदर्शन के दौरान यातायात को नियंत्रित रखने और शहर में संभावित भीड़ के दबाव को देखते हुए लागू की गई है। हालांकि इमरजेंसी वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 25 अगस्त को घर से निकलने से पहले बदले हुए ट्रैफिक रूट की जानकारी जरूर हासिल कर लें। खासकर गांधी मैदान के आसपास जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
गांधी मैदान के चारों तरफ ऑटो-ई-रिक्शा पर पूरी रोक
गांधी मैदान के चारों तरफ व्यावसायिक वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। पुलिस लाइन से बैंक रोड की तरफ बुद्धमार्ग में छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ तथा पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक भी ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक रहेगी।दानापुर की ओर से राजापुर पुल होकर आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा से वापस दानापुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
आयकर गोलंबर और एक्जीबिशन रोड पर भी बदलाव
आयकर गोलंबर से कोतवाली की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। यातायात को मंदिरी नाला की तरफ डायवर्ट कर अशोक राजपथ की ओर भेजा जाएगा।एक्जीबिशन रोड में भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर दिशा में गांधी मैदान की तरफ वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।अशोक राजपथ पर गायघाट की ओर से गांधी मैदान आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा सिर्फ कारगिल चौक तक जा सकेंगे। इसके बाद उन्हें वापस गायघाट की ओर भेज दिया जाएगा।
पटना स्टेशन से डाकबंगला जाने वालों के लिए भी रास्ता बदला
पटना स्टेशन से डाकबंगला चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित और डायवर्ट रहेगा। आर ब्लॉक के ऊपर और नीचे से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।मछुआ टोली से बारीपथ में ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ऑटो और ई-रिक्शा चल सकेंगे, लेकिन उन्हें गांधी मैदान या बाकरगंज की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हड़ताली मोड़ और बोरिंग रोड से भी डायवर्जन
हड़ताली मोड़ से आयकर गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। इन वाहनों को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर अटल पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।इसी तरह बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा। बोरिंग रोड क्रॉसिंग की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को बोरिंग रोड की दिशा में भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी न हो तो प्रतिबंधित इलाकों की ओर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। खासकर ऑटो, ई-रिक्शा और व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए आज का रूट डायवर्जन बेहद महत्वपूर्ण है। गलत रास्ते पर जाने से जाम और परेशानी दोनों बढ़ सकती है, इसलिए घर से निकलने से पहले रूट जरूर जांच लें।