बिहार में में मानसून सुस्त, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पटना के लोग उमस से होंगे बेहाल
Bihar Weather: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त नजर आ रही है, लेकिन मौसम का मिजाज पूरी तरह बेफिक्र होने वाला नहीं है।
Bihar Weather: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त नजर आ रही है, लेकिन मौसम का मिजाज पूरी तरह बेफिक्र होने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका जताई है। खासकर कोसी और सीमांचल के इलाकों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। विभाग की ओर से सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना समेत सूबे के अधिकांश हिस्सों में आज यानी शुक्रवार, 21 अगस्त को मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। पटना में दिन का तापमान करीब 35 डिग्री और रात का पारा 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कोसी और सीमांचल के जिलों में आंधी के साथ गरज-चमक और तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के कुछ हिस्सों में आसमान से आफत बरसने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी जाती है।
इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर समेत कई जिलों में भी कहीं-कहीं आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। हालांकि, पूरे राज्य में फिलहाल मूसलाधार बारिश का कोई व्यापक सिस्टम बनता नहीं दिख रहा है।
मौसम के इस उलटफेर के पीछे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास सक्रिय वेल-मार्क लो प्रेशर एरिया को अहम माना जा रहा है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी अमृतसर, नजीबाबाद और हरदोई होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के असर से बिहार के आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।
अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। यानी सूबे में मानसून भले ही फिलहाल कमजोर हो, मगर कोसी-सीमांचल के लिए मौसम का मिजाज कुछ घंटों के लिए खतरनाक तेवर दिखा सकता है। लोगों को खासकर वज्रपात के दौरान एहतियात बरतने और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।