Bihar weather: बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, 16 जिलों में बारिश का अलर्ट, 5 में भारी बारिश की चेतावनी
Bihar weather: बिहार में मानसून एक बार फिर अपना रंग दिखाने को तैयार है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ...
Bihar weather: बिहार में मानसून एक बार फिर अपना रंग दिखाने को तैयार है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पटना समेत 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादल, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
राजधानी पटना में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। शहर के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पटना का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उमस और नमी के बीच बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश, 10 सितंबर को मध्यम बारिश और 11-12 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। खासकर ग्रामीण और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह कई मौसमी सिस्टम का सक्रिय होना है। 11 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्से में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। इसके असर से बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला और तेज हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर कायम है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
इसके अलावा मानसून ट्रफ भी बिहार के आसपास सक्रिय है। यह दक्षिण गुजरात से मध्य प्रदेश होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तक पहुंच रही है। इन मौसमी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से बिहार में नमी वाली हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। यही नम हवाएं बादलों के निर्माण को बढ़ावा दे रही हैं और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की स्थिति पैदा कर रही हैं।बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। अगले कुछ दिन बिहार के लिए मानसूनी गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।