Bihar Weather: बिहार में आज आंधी-बारिश और वज्रपात का हाई अलर्ट, इन 18 जिलों के लोग रहे सावधान, घर से ना निकलें

Bihar Weather: बिहार में आज आंधी-बारिश और वज्रपात का हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 18 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। हालंकि पटना में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

आज भारी बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं और बढ़ते स्थानीय तापमान के कारण मंगलवार को बिहार के 18 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। 

18 जिलों के लिए अलर्ट जारी 

मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ (कैमूर), भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पटना में तेज धूप करेगी परेशान

हालांकि, राजधानी पटना में इस सिस्टम का खास असर देखने को नहीं मिलेगा। यहां दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार के बाद मौसम कुछ समय के लिए सामान्य रह सकता है, लेकिन 4 अप्रैल से एक बार फिर पूरे राज्य में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इस दौरान आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

कैसा रहा पटना का मौसम 

सोमवार को पटना का मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य में सबसे अधिक तापमान भभुआ (कैमूर) में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अगवानपुर (सहरसा) में 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मधुबनी में तेज हवाओं का असर देखा गया, जहां हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 26.8 से 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 से 24.1 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।