Bihar Weather: बिहार में उमस का सितम रहेगा बरकरार,पटना से लेकर कटिहार तक गर्मी से लोग होंगे बेहाल, 27 जून के बाद झमाझम बारिश के आसार

Bihar Weather:राजधानी पटना समेत गया, नालंदा, शेखपुरा, गोपालगंज, लखीसराय और अन्य जिलों में दिनभर उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

बिहार में उमस का सितम रहेगा बरकरार- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार में मानसून दस्तक तो दे चुका है, लेकिन उसकी रफ्तार अभी भी सुस्त नजर आ रही है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, हालांकि लोगों को उमस भरी गर्मी और चिपचिपे मौसम का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, जिससे गर्मी से फौरी राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।

राजधानी पटना समेत गया, नालंदा, शेखपुरा, गोपालगंज, लखीसराय और अन्य जिलों में दिनभर उमस लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में आसमान पर आंशिक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान बक्सर और कैमूर राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर पटना में सोमवार की सुबह 11.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे लोगों को कुछ वक्त के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली। शाम के समय चली तेज पुरवा हवा ने भी मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव लाया।

मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा बिहार तक पहुंच चुकी है, लेकिन इसका व्यापक असर अभी पूरे सूबे में दिखाई नहीं दे रहा। पंजाब से बिहार तक फैला मौसमी ट्रफ और निचले स्तर पर सक्रिय पछुआ हवाएं दक्षिण बिहार की ओर नमी के बहाव में रुकावट पैदा कर रही हैं। यही वजह है कि बड़े पैमाने पर बादलों का विकास नहीं हो पा रहा और बारिश छिटपुट इलाकों तक सीमित है।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि हालात धीरे-धीरे बदल सकते हैं। 24 से 26 जून के बीच मानसूनी गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। यदि बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह मजबूत होता है और पछुआ हवाओं का असर कमजोर पड़ता है, तो 27 और 28 जून तक बिहार के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।

मानसून की संभावित सक्रियता से जहां आम लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं किसानों के लिए भी यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं होगी। फिलहाल पूरे बिहार की निगाहें आसमान और मानसून की अगली चाल पर टिकी हुई हैं।