Bihar Weather: बिहार में ठंड का कहर! आज 32 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट, मौसम विभाग की सख्त चेतावनी, 5 डिग्री पर पहुंचा पारा...

Bihar Weather: बिहार में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज 32 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सभी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड जारी है। सर्द पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज 32 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साल के आखिरी दिनों में लोगों को ठंड परेशान करेगा। आईएमडी की मानें तो आने वाले 5 दिनों तक कोई राहत की संभावनाएं नहीं है।

ठंड बढ़ने की वजह

आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार तक पहुंच रहा है। हिमालय की तलहटी से बह रही ठंडी पछुआ हवा और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के मेल से ठंड और कोहरा बढ़ा है। जेट स्ट्रीम की सर्द हवाएं दिन-रात ठिठुरन बढ़ा रही हैं।

अगले दिनों का पूर्वानुमान

राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता 50 से 100 मीटर तक रह सकती है। 29 और 30 दिसंबर को कोहरे का असर और बढ़ने के आसार हैं। नए साल की शुरुआत भी ठंड और कोहरे के बीच होने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने 31 दिसंबर के बाद धीरे-धीरे ठंड में कमी आने की उम्मीद जताई है।

किन जिलों में अलर्ट

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, रोहतास, गया, पटना, बेगूसराय, पूर्णिया, वैशाली, बक्सर, कैमूर, अरवल, सीतामढ़ी और नवादा सहित कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। वहीं खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर के लिए फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

गयाजी सबसे ठंडा जिला

पिछले 24 घंटे में बिहार के सात जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गयाजी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है।