Bihar Weather: बिहार के इन 8 जिलों में अगले 2 घंटे में होने वाली है झमाझम बारिश, पटना के कई इलाकों में बरसे बदरा, मौसम विभाग की चेतावनी
Bihar Weather: राजधानी पटना के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई। इसी बीच मौसम विभाग ने बिहार के 8 जिलों के लिए अगले 2 से 3 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
Bihar Weather: बिहार के मौसम में अब बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में अब बारिश का दौर शुरु होने लगा है। बीते दिन किशनगंज में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई थी। वहीं मौसम विभाग ने सोमवार को एक बार फिर बिहार के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, भागलपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज और सिवान में अगले 2 से 3 घंटे के बीच मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान 50 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी कर दी है।
अगले 2 से 3 घंटे में होगी झमाझम बारिश
वहीं राजधानी पटना के भी कई इलाकों में सोमवार को बारिश हुई। पटना सचिवालय के आस पास के इलाकों में बारिश हुई। जिससे लोगों को आंशिक राहत मिला। हालांकि अधिकत्तर क्षेत्रों में गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने पहले ही उत्तर बिहार के कई जिलों में सोमवार को ठनका गिरने, बिजली चमकने, तेज हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि, 18 जून से उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद दक्षिण बिहार में आंशिक राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून से राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले चार दिनों तक विशेष बदलाव के संकेत नहीं हैं।
किशनगंज में हुई सबसे अधिक बारिश
रविवार को किशनगंज जिले के पोठिया में सबसे अधिक 126.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अररिया, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, गया, रोहतास और पश्चिम चंपारण में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पूर्वी चंपारण में हवा की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। उत्तर बिहार में न्यूनतम तापमान में रविवार को 7.5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दक्षिण बिहार में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 7.2 डिग्री की गिरावट आई है। किशनगंज में सबसे कम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी में 41.8 डिग्री रहा। बक्सर में 40.6 और छपरा में 40.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 26 में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 12 जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार में देर शाम से मौसम के बदलने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है, लेकिन उमस भरी गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।
मानसून की संभावित एंट्री
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में 17 से 20 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना है, जबकि 25 जून तक पूरे राज्य में मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी। इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटे में भागलपुर में तेज हवा के साथ बारिश हुई, वहीं औरंगाबाद समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। पटना में हल्की धूप के बीच उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। रविवार को सबसे अधिक गर्म रोहतास रहा, जबकि सबसे कम तापमान बांका में 35.5 डिग्री दर्ज किया गया।