पटना समेत बिहार में हल्की बारिश के आसार, उमस करेगी बेहाल, 4 जिलों में छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का रहेगा असर
Bihar weather: बिहार में अगले दो दिनों तक मौसम का मिज़ाज सामान्य रहने के आसार हैं।..
Bihar weather: बिहार में अगले दो दिनों तक मौसम का मिज़ाज सामान्य रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल किसी भी ज़िले में मूसलाधार बारिश या भारी वर्षा का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई इलाकों में गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज़ हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाए रखेगी।
राजधानी पटना में शुक्रवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं रोहतास, औरंगाबाद, गया और नालंदा के कुछ हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वक्त मानसून की मुख्य ट्रफ लाइन बिहार के ऊपर लगातार सक्रिय नहीं है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में व्यापक और लगातार बारिश के लिए मुफीद हालात नहीं बन पा रहे हैं। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में भी अभी तक कोई मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम विकसित नहीं हुआ है, जो बिहार में भारी बारिश की वजह बन सके।
दिन के समय तेज़ धूप और हवा में मौजूद नमी के कारण स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं। यही बादल कुछ इलाकों में गरज-चमक और हल्की बारिश करा रहे हैं, लेकिन पूरे राज्य में एकसमान वर्षा नहीं हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अधिकांश जिलों में बादलों का आना-जाना जारी रहेगा। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, तेज़ हवा और बिजली चमकने की घटनाएं हो सकती हैं। सप्ताह के शुरुआती दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है, जबकि सप्ताह के आखिर तक कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज़ हो सकती हैं। इस दौरान तापमान बहुत अधिक नहीं बढ़ेगा, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने से उमस का सितम लोगों को लगातार महसूस होगा।