दिल्ली में नीतीश कुमार का नया सियासी ठिकाना, आज करेंगे सरकारी बंगले में गृह प्रवेश, JDU-BJP के दिग्गज होंगे शामिल
नीतीश कुमार दिल्ली में अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश की रस्म अदा करेंगे।...
Nitish Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। सुबह करीब 9 बजे स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली रवाना होने वाले नीतीश कुमार राजधानी दिल्ली में अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश की रस्म अदा करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सियासी गलियारों में भी हलचल तेज है, क्योंकि इसमें जेडीयू और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार को दिल्ली के प्रतिष्ठित इलाके 9, सुनहरी बाग रोड पर सरकारी आवास आवंटित किया गया है। यह कोई सामान्य आवास नहीं, बल्कि टाइप-8 श्रेणी का आलीशान सरकारी बंगला है, जहां आधुनिक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था मौजूद है। राजधानी के वीआईपी ज़ोन में स्थित यह बंगला अब नीतीश कुमार का नया आधिकारिक ठिकाना होगा।
गृह प्रवेश समारोह में दोनों सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का बाज़ार गर्म है। हालांकि इसे एक औपचारिक कार्यक्रम बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को मौजूदा सियासी समीकरणों के लिहाज से भी अहम मान रहे हैं।
दिल्ली में नीतीश कुमार की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ के हाथों में रहेगी। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा श्रेणी के तहत कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। उनके आवास और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गृह प्रवेश की रस्म पूरी करने के बाद नीतीश कुमार उसी दिन शाम को स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट से पटना लौट आएंगे। उनका यह दौरा भले ही अल्पकालिक हो, लेकिन राजधानी में नए सरकारी बंगले में प्रवेश और सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक तौर पर भी चर्चा का विषय बना दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इस मुलाकात के दौरान सियासी गलियारों में कौन-कौन से नए संकेत सामने आते हैं।