बिहार में मौसम का पलटवार,15 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, आंधी-तूफान और बिजली का खौफ, फिर उमस से बेहाल होंगे पटना के लोग

Bihar weather: बंगाल की खाड़ी में बने ज़बरदस्त दबाव ने बिहार के मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगाड़ दिया है। ...

उमस से बेहाल होंगे पटना के लोग- फोटो : social Media

Bihar weather: बंगाल की खाड़ी में बने ज़बरदस्त दबाव ने बिहार के मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगाड़ दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 13 अगस्त 2026 से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश के साथ आंधी, गरज़-चमक और तूफ़ानी हवाओं का सिलसिला देखने को मिल सकता है। आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को खास एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है।

एक तरफ आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पटना समेत कई इलाकों में चिपचिपाती गर्मी का सितम जारी है। उत्तर बिहार के सुपौल समेत छह जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। यानी मौसम के दोहरे तेवर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

आज बिहार के 15 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना में बादल छाए रहने और अचानक तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस से फौरी राहत नहीं मिलने के आसार हैं।

14 अगस्त को गया, जहानाबाद, पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया और मुंगेर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।15 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 अगस्त को भी उत्तर और पूर्वी बिहार में बारिश का असर बरकरार रहने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून ट्रफ में बदलाव और नमी वाली हवाओं के कारण बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। आने वाले दिनों में ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने से बारिश का केंद्र हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पूर्वी बिहार की तरफ बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।