सीवान AK-47 कांड पर RJD का हल्लाबोल, 19 अगस्त को लोकभवन तक मार्च, तेजस्वी बोले- बिहार को पुलिसिया स्टेट नहीं बनने देंगे
Bihar Politics: बिहार की सियासत में सीवान में छात्रों पर कथित AK-47 से गोली चलाने का मामला अब और गरमा गया है।...
Bihar Politics: बिहार की सियासत में सीवान में छात्रों पर कथित AK-47 से गोली चलाने का मामला अब और गरमा गया है। एक तरफ लोकसभा में इस मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार को घेर रहा है, तो दूसरी तरफ सीवान की घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने सड़क पर उतरने का ऐलान कर दिया है। राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेसवार्ता कर आंदोलन की घोषणा की।
तेजस्वी यादव के मुताबिक 19 अगस्त को पटना में वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद मुख्यालय से लोकभवन तक मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार को पुलिसिया स्टेट बनने नहीं दिया जाएगा। मार्च में विपक्षी दलों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
मामला 25 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान सीवान में पुलिस द्वारा कथित तौर पर AK-47 राइफल के इस्तेमाल से जुड़ा है। राजद का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की घटना के बावजूद अब तक जिम्मेदार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।तेजस्वी ने सवाल उठाया कि आखिर गोली चलाने का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया? उन्होंने कहा कि विपक्ष के दबाव के बाद एक सिपाही को निलंबित किया गया, लेकिन संबंधित एसपी के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने संसद में मुद्दा उठाने को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव का आभार भी जताया।नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मामले पर अब तक एक शब्द नहीं बोला। उनका दावा है कि घायल छात्रों को देखने तक मुख्यमंत्री या कोई उपमुख्यमंत्री नहीं पहुंचे। तेजस्वी ने सवाल किया कि यदि इस घटनाक्रम में किसी मासूम की जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
इससे पहले तेजस्वी यादव ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात कर सीवान के एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। राजद ने सरकार से साफ तौर पर जवाब मांगते हुए कहा है कि छात्रों पर इतनी घातक राइफल के इस्तेमाल की नौबत कैसे आई और इसके लिए आदेश किस स्तर से जारी हुआ।प्रेसवार्ता में सांसद मीसा भारती, अभय कुशवाहा और सुरेंद्र यादव भी मौजूद रहे। अब 19 अगस्त के प्रस्तावित मार्च के जरिए राजद इस मुद्दे को सड़क से लेकर सत्ता के गलियारों तक और अधिक धार देने की तैयारी में है।
रिपोर्ट- धीरज कुमार सिंह