Bihar weather: मानसून की विदाई से पहले फिर बदला मौसम का मिजाज, बिहार में 19 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट

Bihar weather:दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है।...

9 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar weather:दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने मानसूनी गतिविधियों को रफ्तार दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस सिस्टम के असर से बिहार के कई जिलों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। राजधानी पटना समेत 19 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पटना में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं, हालांकि कहीं-कहीं बूंदाबांदी से इंकार नहीं किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को बिहार में मौसम मिला-जुला रहेगा और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लेकिन 23 सितंबर से मानसूनी गतिविधियां जोर पकड़ सकती हैं। इसके बाद 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दरअसल, पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में और संगठित होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह सिस्टम आगे चलकर गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है।

इसके 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के समीप पहुंचने का अनुमान है। इसके प्रभाव से बिहार में भी मौसम की फिजां बदल सकती है। खासकर दक्षिण और मध्य बिहार में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। लोगों को गरज-चमक के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।