Bihar News: जमुई कांड पर बिहार में सियासी उबाल, आज सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, राहुल गांधी ने पूछा- ‘गुंडों को ऐसी बदतमीजी का हक किसने दिया?’
Bihar News: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का मामला अब सियासी तूल पकड़ चुका है। ...
Bihar News: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का मामला अब सियासी तूल पकड़ चुका है। 19 सितंबर को बाइक से जा रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर रास्ते में रोककर प्रताड़ित करने और छात्रा के साथ बदसलूकी किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सवालों की बौछार शुरू हो गई है। घटना के विरोध में बिहार कांग्रेस आज पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन करेगी।
बिहार कांग्रेस ने जिला और प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन आयोजित करने का निर्देश जारी किया है। राजधानी पटना में शाम चार बजे कारगिल चौक पर पार्टी का विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसमें बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस ने जमुई की घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा है कि रास्ते में छात्र और छात्रा को कथित तौर पर जबरन रोकना, प्रताड़ित करना और छात्रा के साथ दुर्व्यवहार करना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी का कहना है कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा कथित व्यवहार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाता है।
मामले में पुलिस की कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। जमुई पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों को पकड़ा गया है और वे नाबालिग हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जमुई एसपी के अनुसार पीड़ित छात्र और छात्रा भी नाबालिग हैं और दोनों जमुई शहर के रहने वाले हैं।पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है। एसपी के मुताबिक, नाबालिग पीड़ितों की पहचान से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। पुलिस का यह रुख इस बात को रेखांकित करता है कि घटना की जांच के साथ पीड़ितों की निजता और कानूनी संरक्षण भी अहम है।
मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में वायरल वीडियो को बेचैन करने वाला बताते हुए आरोप लगाया कि दसवीं कक्षा के छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरन रोका गया, उनके साथ प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार किया गया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में छात्रा द्वारा कथित तौर पर हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाने का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि ऐसे लोगों को इस तरह की बदसलूकी करने का अधिकार किसने दिया।
जमुई की घटना ने अब अपराध से आगे बढ़कर सियासी बहस का रूप ले लिया है। कांग्रेस ने सड़क पर उतरने का ऐलान कर सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की तफ्तीश जारी है। अब निगाह इस बात पर है कि जांच में बाकी आरोपियों की भूमिका क्या सामने आती है और कानून के शिकंजे में कितनी जल्दी सभी संदिग्ध पहुंचते हैं।
हीरेश कुमार