Bihar Weather: बिहार में बारिश नहीं होने से पसीना छुड़ाएगी उमस, तपिश से बेहाल होंगे लोग

Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ अक्टूबर में मौसम का मिजाज गर्म और उमस भरा रहने के आसार हैं।

तपिश से बेहाल होंगे लोग- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ अक्टूबर में मौसम का मिजाज गर्म और उमस भरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मासिक पूर्वानुमान के मुताबिक, इस महीने राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। हालांकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अक्टूबर की शुरुआत में जहां लोगों को बारिश से राहत की उम्मीद थी, वहीं तेज धूप और उमस एक बार फिर पसीना छुड़ाने वाली है।

फिलहाल बिहार में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। शुक्रवार को सुबह से ही कई इलाकों में धूप के तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं। दिन चढ़ने के साथ तापमान में इजाफा होगा और हवा में मौजूद नमी के कारण उमस का असर भी बढ़ेगा। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर के वक्त तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास और ज्यादा परेशान कर सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 अक्टूबर तक बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। यानी इस दौरान आसमान साफ रहने के साथ बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं। इसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं। हालांकि फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग के मासिक अनुमान के मुताबिक अक्टूबर में बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। वहीं उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। इसका मतलब यह है कि मानसून की विदाई के बावजूद गर्मी से तत्काल पूरी तरह निजात मिलने के आसार कम हैं।

बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी आमतौर पर अक्टूबर के पहले सप्ताह के आसपास शुरू होती है। मानसून की वापसी एक क्रमिक प्रक्रिया है, जो पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भारत से आगे बढ़ते हुए पूर्वी हिस्सों तक पहुंचती है। इसकी तारीख हर साल मौसम की परिस्थितियों के अनुसार कुछ आगे-पीछे हो सकती है।स्थानीय मौसम प्रणालियों और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के प्रभाव से कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। लेकिन पूरे महीने के स्तर पर राज्य में सामान्य से कम बारिश रहने का अनुमान है।यानी अक्टूबर की शुरुआत में बिहार के लोगों को तेज धूप, गर्मी और उमस की तिहरी मार झेलनी पड़ सकती है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने वालों को गर्म और चिपचिपे मौसम का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के लिए विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी होगा।