Bihar Weather: बिहार में मौसम का बदला मिजाज! 19 जिलों में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट, पटना में रात की बारिश के बाद खिली धूप
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज का बदला बदला है। बुधवार को देर रात तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई, तेज आंधी के कारण घंटों बिजली भी बाधित रही, वहीं आज 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में कुदरत के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां बीती रात झमाझम बारिश ने शहर को सराबोर कर दिया, वहीं आज सुबह चटक धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भी पटना में बारिश हो सकती है। राज्य के 19 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जिससे किसानों और आम जनजीवन के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
22 जिलों में आई तेज आंधी बारिश
वहीं, बीते दिन 22 जिलों में आई तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाई, लेकिन इसके साथ ही कई इलाकों में तबाही भी देखने को मिली। तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के कारण आम, लीची, मूंग और मक्का की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ, जबकि बिजली आपूर्ति भी घंटों ठप रही।
24 घंटे में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल मौसम का यह बदलाव जारी रहेगा। तीन मई तक विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी बिहार के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और छिटपुट बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम सामान्य बना रहेगा।
19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
वहीं उत्तर बिहार के 19 जिलों में तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, जमुई, नालंदा, रोहतास और शेखपुरा जिलों के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है।
आने वाले दिनों में बढे़गा तापमान
आंधी-बारिश के असर से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार शाम अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि तेज आंधी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी का अपना असर दिखाना शुरु कर देगी।