सावधान बिहार! मधुबनी से किशनगंज तक भारी बारिश का अलर्ट,4 जिलों में मूसलाधार वर्षा, बाकी 34 जिलों में वज्रपात और गरज-चमक की चेतावनी

2 अगस्त से उत्तर बिहार में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा, जबकि 5 अगस्त से दक्षिण बिहार में भी बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।

मधुबनी से किशनगंज तक भारी बारिश का अलर्ट- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar weather: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने रविवार को राज्य के चार जिलों मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक 2 से 5 अगस्त के बीच प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ेंगी। 2 अगस्त से उत्तर बिहार में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा, जबकि 5 अगस्त से दक्षिण बिहार में भी बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि शुरुआती दिनों में अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे।

3 अगस्त को पटना, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, भोजपुर और बक्सर समेत कई जिलों में दिनभर बादलों का डेरा रहेगा। रुक-रुक कर हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना है। वहीं 4 अगस्त को कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, सारण, गोपालगंज और सीवान सहित कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

5 अगस्त को किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और मधुबनी में अच्छी बारिश होने का इमकान है। दूसरी ओर पटना, नालंदा, गया, भोजपुर, बक्सर और रोहतास समेत कई जिलों में छिटपुट बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है। 6 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

इस बीच राज्य के बाकी 34 जिलों के लिए वज्रपात और हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने साफ किया है कि 5 और 6 अगस्त से पूरे बिहार में मानसून और ज्यादा सक्रिय होगा, जिससे बारिश की रफ्तार तेज होने की पूरी संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।