Bihar Weather:बिहार के 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, इन जगहों पर आंधी की संभावना, पढ़ लीजिए आज का मौसम का पूर्वानुमान

Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने बिहार के मौसम का मिजाज फिर बदल दिया है। ...

18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने बिहार के मौसम का मिजाज फिर बदल दिया है। मानसून की सक्रियता और समुद्र से आ रही नम हवाओं के असर से बुधवार को राज्य के कई जिलों में वज्रपात और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, भभुआ, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों को वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचना बेहतर होगा।

हालांकि राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की उम्मीद है। यहां दिन में धूप निकलने के साथ उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।

गौर करने वाली बात यह है कि इस सीजन में बिहार अब तक बारिश की कमी से जूझ रहा है। राज्य में अब तक करीब 590 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन महज 373 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। यानी सामान्य के मुकाबले करीब 35 फीसदी कम बारिश हुई है।

मौसम में लगातार हो रहे इस उतार-चढ़ाव के पीछे मानसून की सक्रियता अहम वजह है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं से वातावरण में नमी बढ़ रही है। वहीं मानसून ट्रफ और स्थानीय वायुमंडलीय परिस्थितियां बादलों के निर्माण में मदद कर रही हैं।दिन में धूप से धरती गर्म होती है और वातावरण में मौजूद नमी के साथ स्थानीय संवहन बढ़ता है। इसी वजह से अचानक बादल बनते हैं और कुछ इलाकों में बारिश शुरू हो जाती है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में सिर्फ बादल, धूप और उमस देखने को मिलती है।