Bihar Weather:बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के बीच इन इलाकों में चढ़ेगा पारा,इन जिलों में अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। ...

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में एक-दो स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र 27 सितंबर को सक्रिय रहा। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी कायम है। अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 12 घंटे में पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। इसके बावजूद इसका असर बिहार के मौसम पर बना रह सकता है।

इसके अलावा बिहार से झारखंड और ओडिशा होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण गर्त बना हुआ है। यह मौसमी सिस्टम भी राज्य में वर्षा और वज्रपात की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। वहीं, दक्षिणी तटीय म्यांमार और आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव क्षेत्र आगे बढ़कर उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों की ओर जा सकता है।

मौसम प्रणालियों के इस असर से जहां कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, वहीं तापमान में भी इजाफा होगा। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।