Bihar Flood: नेपाल की बारिश से बिहार में उफान पर नदियां, अलर्ट पर प्रशासन

Bihar Flood: नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार की प्रमुख नदियों के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है।...

Nepal Rain Raises Flood Alert in Bihar Muzaffarpur
उफान पर नदियां- फोटो : reporter

Bihar Flood: नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार की प्रमुख नदियों के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। मुजफ्फरपुर में बागमती और नारायणी गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से एहतियात बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की जा रही है।

मुजफ्फरपुर से होकर गुजरने वाली बागमती नदी पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुकी है। नदी के बढ़ते जलस्तर ने आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर में होने वाले बदलाव की निगरानी की जा रही है।

वहीं, अब नारायणी गंडक नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। नेपाल में लगातार बारिश के बाद वहां से पानी छोड़े जाने का असर नदी के बहाव और जलस्तर पर पड़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है।

प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। स्थानीय स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

दोनों नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। नदी किनारे बसे इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन का फोकस फिलहाल निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए समय रहते जरूरी इंतजाम करने पर है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा