Bihar Crime:बिहार में अपराधियों ने सिर में मारी गोली, युवक की मौत से लोगों में गुस्सा

Bihar Crime: भोजपुर जिले में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।...

Bhojpur Crime Youth Shot Dead Near Kali Temple
बेखौफ बदमाशों का कहर- फोटो : social Media

Bihar Crime: भोजपुर जिले में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार देर शाम धोबहा थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के पास हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।

जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने युवक के सिर में बेहद करीब से गोली मारी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के हेमतपुर गांव निवासी मुन्ना सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू बाहर रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव को घटनास्थल से उठने नहीं दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की।

सूचना मिलते ही साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार और धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और वारदात से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की।

रौशन कुमार के अनुसार, परिजनों की ओर से फिलहाल हत्या के कारण के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस हत्या की वजह, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों को खंगाल रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट