Bihar Weather: बिहार के 33 जिलों में बारिश-आंधी का रेड सिग्नल जैसा अलर्ट, कहीं आफत बनकर बरसेंगे बादल, कहीं 40 डिग्री की तपिश से झुलसेंगे लोग

Bihar Weather: सूबे के एक हिस्से में जहां काले बादलों की आमद, तेज़ आंधी और मूसलाधार बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, वहीं दूसरे हिस्से में चिलचिलाती धूप, उमस और भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।

बारिश-आंधी का रेड सिग्नल जैसा अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार का मौसम इन दिनों हैरतअंगेज़ और दोहरे मिज़ाज का नज़ारा पेश कर रहा है। सूबे के एक हिस्से में जहां काले बादलों की आमद, तेज़ आंधी और मूसलाधार बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, वहीं दूसरे हिस्से में चिलचिलाती धूप, उमस और भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को राज्य के 33 जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ और विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की भी प्रबल संभावना जताई गई है। विभाग ने 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 9 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, पटना, गया, नालंदा और नवादा समेत कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

बगहा में बुधवार सुबह झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान बेतिया, मोतिहारी, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और मुंगेर में तेज़ हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। बेगूसराय में एक ऑटो पर बिजली का पोल गिर गया, हालांकि चालक बाल-बाल बच गया।

दूसरी ओर रोहतास, पटना, गया और सारण जैसे जिलों में गर्मी का सितम जारी रहने की संभावना है, जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में बारिश वाले इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। राजधानी पटना में भी हल्के बादल, छिटपुट बारिश और तेज़ हवाओं के आसार हैं। सप्ताह के अंत तक अधिकांश जिलों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।