Bihar Weather: पंखे-कूलर के दौर के बीच बदलेगा बिहार का मौसम,कहीं तपाएगी धूप तो कहीं चलेगी ठंडी हवाएं

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में तेजी से उछाल आया है। होली के दिन मौसम में अब तेज धूप के बीच आसमान में काले बादलों का डेरा दिखाई देगा।

Bihar Weather
बदलेगा बिहार का मौसम- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बिहार में होली के अवसर पर शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की वृद्धि की संभावना व्यक्त की गई है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, होली से पहले मौसम में कुछ परिवर्तन होने की संभावना है। 13 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से राज्य का मौसम गर्म होगा और कुछ स्थानों पर आंशिक बादल भी छा सकते हैं।

दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी पटना में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार करने की उम्मीद है। 

वहीं, दक्षिण बिहार के कुछ क्षेत्रों में तापमान 36 डिग्री से अधिक पहुंच सकता है। इस स्थिति में होली के दिन तापमान में कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। ठंडी हवाओं के चलने की भी कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, होली के बाद मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कुछ जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। 

16 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके कारण बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि यह राहत कुछ ही दिनों तक मिलेगी. उसके बाद गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ेगा.

बिहार में अगले 72 घंटों में तापमान में दो डिग्री तक की वृद्धि होने की आशंका है। दक्षिण बिहार में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार को बक्सर में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री और औरंगाबाद में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार, दक्षिण बिहार और उत्तर-मध्य बिहार का तापमान सामान्य स्तर पर है।




Editor's Picks