Bihar Weather: बिहार में मौसम का यू-टर्न! अचानक बढ़ा रिकॉर्ड तापमान, होली तक चलाने पड़ेंगे AC, अगले 48 घंटों रहे सावधान

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी में ही मई-जून सा एहसास हो रहा है। ऐसे में लोगों को अब ही एसी का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।

मौसम का यू-टर्न - फोटो : News4nation

Bihar Weather:  बिहार में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। देर रात और सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है लेकिन इसका असर भी धीरे धीरे कम हो रहा है। दोपहर के समय तो तेज धूप ने गर्मी का एहसास बढ़ा दिया है। मौसम विभाग की मानें तो फरवरी में तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। तो वहीं आने वाले दिनों में भी पारा में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। होली के आसपास तापमान में इजाफा होगा। 

24 फरवरी को शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार यानी आज (24 फरवरी) को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। राजधानी पटना में पारा 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास रहेगा। दक्षिण बिहार के दक्षिण-पश्चिमी और उत्तर बिहार के पूर्वी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन अधिकांश जिलों में रात के समय ज्यादा ठंड महसूस नहीं होगी।

कई जिलों में बढ़ा पारा

सोमवार (23 फरवरी) को राज्य के कुछ जिलों गया, कैमूर, बक्सर, सहरसा, बांका, अररिया (फारबिसगंज) और कटिहार में अधिकतम तापमान में 0.2 से 0.6 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। वहीं अन्य जिलों में 0.2 से 1.7 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। अरवल में सर्वाधिक 1.7 डिग्री और पटना में 0.8 डिग्री की वृद्धि रिकॉर्ड की गई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो भागलपुर के सबौर में 12.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहा, जबकि पटना, कैमूर और कटिहार में यह 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। तीन से चार दिनों के भीतर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और वृद्धि हो सकती है। एक मार्च से अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पटना आईएमडी के अनुसार 26 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, लेकिन इसका बिहार के मौसम पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। न तो तापमान में गिरावट की संभावना है और न ही वर्षा के आसार हैं।