Bihar Weather : बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, सुबह कोहरा और दिन में खिलेगी धूप, बढ़ेगी ठंड

Bihar Weather : बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। ..

बदलेगा मौसम का मिजाज- फोटो : X

Bihar Weather : बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। नवंबर के आखिरी दिनों में सुबह और रात के वक्त ठंड का एहसास बढ़ रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 नवंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय पटना समेत कई जिलों में हल्की धुंध और कुहासा छाया रह सकता है। सूरज निकलने के साथ ही आसमान साफ होगा और धूप खिलने से दिन का मौसम सुहावना बना रहेगा। उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में भी सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। फिलहाल राज्य में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आज यानी 25 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यानी दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा। सुबह घर से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है, वहीं दोपहर में धूप के कारण गर्माहट महसूस होगी।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, तापमान में उतार-चढ़ाव की बड़ी वजह आसमान का साफ रहना है। बादल नहीं होने से दिन में सूरज की किरणें सीधे धरती तक पहुंचती हैं, जिससे अधिकतम तापमान बढ़ता है। दूसरी ओर, रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है और न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है। इसके अलावा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं भी मौसम पर असर डाल रही हैं।

 इन हवाओं के कारण सुबह और रात में कनकनी बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव के साथ ठंड का असर और गहरा हो सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के वक्त सावधानी बरतने तथा गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है।