Bihar Police: अवैध वसूली का मामला, महिला दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

Bihar Police: बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। ....

Bihar Police: अवैध वसूली का मामला, महिला दारोगा समेत दो पुलि
महिला दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित- फोटो : X

Bihar Police:  बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। हवेली खड़गपुर थाना में तैनात एक महिला पुलिस अवर निरीक्षक और एक पीटीसी सिपाही पर एक व्यक्ति से कथित तौर पर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैय्यद इमरान मसूद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत महिला पुलिस अवर निरीक्षक अनीता कुमारी और पीटीसी सिपाही अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दोनों को लाइन हाजिर भी किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, हवेली खड़गपुर थाना में पदस्थापित अनीता कुमारी और पीटीसी सिपाही अजय कुमार पर एक व्यक्ति से नाजायज तरीके से रुपये वसूलने का आरोप लगा था। इस मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया गया। पुलिस अधीक्षक सैय्यद इमरान मसूद ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की। उनके इस फैसले से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि वर्दी की आड़ में किसी भी तरह की कथित मनमानी और अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। आम तौर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की हिफाजत की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों पर होती है। ऐसे में वसूली के आरोप लगना महकमे की साख से जुड़ा संवेदनशील मामला माना जा रहा है। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन और लाइन हाजिरी की कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विभागीय जांच और कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान