Bihar News: धन कुबेर निकली बिहार की SDM ,7 ठिकानों पर छापा के बाद इतने करोड़ की बेनामी संपत्ति का हुआ खुलासा

Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।..

Bihar News: धन कुबेर निकली बिहार की SDM ,7 ठिकानों पर छापा क
धन कुबेर निकली बिहार की SDM- फोटो : X

Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं। मंगलवार सुबह करीब आठ से दस बजे के बीच पटना, रोहतास और गोपालगंज में तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस कार्रवाई में दोनों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति, बैंक जमा और वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं। एसवीयू के मुताबिक, दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।

जांच एजेंसी को पांच अचल संपत्तियों का पता चला है, जिनकी अनुमानित कीमत दो करोड़ 82 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा दस बैंक खातों और दूसरे वित्तीय संस्थानों में करीब 56 लाख 28 हजार रुपये जमा एवं निवेश की जानकारी मिली है। जांच में धनबाद में खरीदे गए फ्लैट के दस्तावेज, एसडीएम का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो, हुंडई क्रेटा और स्कूटी भी सामने आई है। इसी साल पांच नवंबर को करीब नौ लाख रुपये में खरीदे गए दस ग्राम के छह सोने के सिक्कों के दस्तावेज भी मिले हैं। एसबीआई और पीएनबी में सावधि जमा तथा एसबीआई की आनंदपुरी शाखा में दो लॉकर होने की जानकारी भी मिली है।

एसवीयू की टीमों ने दानापुर की विवेक विहार कॉलोनी, पटना के कोतवाली क्षेत्र स्थित कार्यालय, गोपालगंज स्थित आवास-कार्यालय, रोहतास के देवथ स्थित पैतृक आवास और पटना के एसके पुरी स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट समेत सात ठिकानों पर तलाशी ली।

एसवीयू के एडीजी सुधांशु कुमार के अनुसार, सत्यापन में दोनों की वैध आय से 1,98,28,175 रुपये अधिक संपत्ति का पता चला है। यह ज्ञात आय से करीब 84 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में कांड संख्या 29/2026 दर्ज किया गया है। फिलहाल बैंक लॉकर खोलने और जब्त दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है।