पटना में आज बदलेगा मौसम, बिहार के इन जिलों में झमाझम बारिश, IMD ने 48 घंटे के लिए जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे बिहार के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। उत्तर-पूर्व और सीमांचल के जिलों में कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

Bihar Weather Update - फोटो : news4nation

Bihar Weather Update:  राजधानी पटना में  उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार (29 जुलाई) को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शहर में दिनभर सामान्य से घने बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पटना में वज्रपात और गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास सक्रिय गहरे निम्न दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर बिहार पर भी दिखाई देगा। इसी वजह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है।


इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

29 जुलाई को राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में सबसे अधिक वर्षा होने का अनुमान है। किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और दरभंगा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, बांका और जमुई में भी गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश के आसार हैं।


दक्षिण बिहार के पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, लखीसराय, शेखपुरा और मुंगेर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि इन जिलों में उत्तर बिहार जैसी व्यापक भारी वर्षा की संभावना कम बताई गई है।


अगले 48 घंटे सबसे अहम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे बिहार के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। उत्तर-पूर्व और सीमांचल के जिलों में कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र में निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने की आशंका है। तेज हवा, वज्रपात और अचानक तेज बारिश के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


तापमान में मिलेगी राहत

बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ था, जिससे उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। बारिश के बाद मौसम अपेक्षाकृत सुहावना होने की उम्मीद है, हालांकि हवा में नमी अधिक रहने से कुछ स्थानों पर उमस बनी रह सकती है।


मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।