बांकीपुर उपचुनाव: 30 जुलाई को मतदान, 422 बूथों पर वेबकास्टिंग, 14 कंपनियां CAPF तैनात, वोटिंग के पहले बड़ा आदेश जारी

बांकीपुर उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं 3.79 लाख वोटर हैं, विधानसभा क्षेत्र के 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

Bankipur Bypoll 2026
Bankipur Bypoll 2026- फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll 2026 : राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की ओर से 48 घंटे का साइलेंट पीरियड लागू हो गया है। अब मतदान संपन्न होने तक किसी भी प्रकार की चुनावी सभा, रैली, जुलूस या लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार पर पूरी तरह रोक रहेगी। जिला प्रशासन और पटना पुलिस ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर मतदान की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा सके। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान से 48 घंटे पहले लागू साइलेंट पीरियड के दौरान किसी भी प्रकार के चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं होगी। राजनीतिक दलों के बाहरी प्रचारक और कार्यकर्ताओं को चुनाव क्षेत्र छोड़ना होगा। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म या अन्य माध्यमों से राजनीतिक विज्ञापन भी बिना मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC) की पूर्व अनुमति के प्रसारित नहीं किए जा सकेंगे।


 सिर्फ अनुमति प्राप्त गाड़ियां चलेंगी

मतदान के दिन प्रत्येक उम्मीदवार को अपने उपयोग, चुनाव एजेंट और कार्यकर्ताओं के लिए केवल तीन वाहनों के इस्तेमाल की अनुमति होगी। सभी वाहनों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर (RO) से विशेष अनुमति अनिवार्य होगी। प्रत्येक वाहन में चालक सहित अधिकतम पांच लोग ही बैठ सकेंगे।


सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) की 14 कंपनियां, 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीमें, 6 वीडियो सर्विलांस टीमें, 3 वीडियो व्यूइंग टीमें और 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। शहर के गांधी मैदान, पीरबहोर, कदमकुआं, कोतवाली, सचिवालय, बुद्धा कॉलोनी और श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 1400 अर्द्धसैनिक बल के जवान चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक चुनावी निगरानी के दौरान 4 अवैध हथियार, 21 कारतूस, लगभग ₹38 लाख नकद और करीब 4,000 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले भी दर्ज किए गए हैं।


25 उम्मीदवार मैदान में

बांकीपुर उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 मतदाता और 1,024 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए 29 चलंत मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 30 आदर्श मतदान केंद्र, एक महिला मतदान केंद्र, एक युवा मतदान केंद्र और एक दिव्यांग अनुकूल मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है।


EVM की सुरक्षा पर विशेष फोकस

मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) को ए.एन. कॉलेज स्थित वज्रगृह में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान तैयार किया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतदान समाप्त होने के बाद EVM लेकर लौटने वाली टीमें बीच रास्ते कहीं नहीं रुकेंगी और सीधे वज्रगृह पहुंचेंगी। वज्रगृह परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी।


200 मीटर के दायरे में नहीं होगी भीड़

पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय क्षेत्र) जितेंद्र राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ या लोगों के ठहरने की अनुमति नहीं होगी। बुधवार से जिले में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की जाएगी। अर्द्धसैनिक बलों की ओर से लगातार फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है ताकि मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान कर सकें।


मतदाताओं के लिए हेल्पलाइन  

मतदाताओं की सहायता के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी जानकारी के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। जिन मतदाताओं के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर भी अपना मतदान कर सकेंगे।

अनिल की रिपोर्ट