एक और चैंपियन का ख़िताब बिहार के नाम, बेटियों ने बढ़ाया राज्य का मान, सिक्किम को 7 विकेट से हराकर जीता फाइनल का ख़िताब
बिहार की बेटियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में राज्य का झंडा गाड़ दिया है। कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बिहार महिला टीम ने सिक्किम को पटखनी देते हुए सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी (प्लेट) का खिताब अपने नाम कर लिया है।
Patna - : बिहार महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आयोजित सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी प्लेट का फाइनल खिताब जीत लिया है। सोमवार को बाराबती स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में बिहार ने सिक्किम को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत की सबसे खास बात यह रही कि बिहार की टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी और 'अजेय' रहते हुए चैंपियन बनी।
खुशबू की घातक गेंदबाजी: 135 रनों पर ढेर हुई सिक्किम
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिहार की टीम ने शुरुआत से ही सिक्किम पर दबाव बनाए रखा। बिहार की गेंदबाज खुशबू सी. कुमारी ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए मात्र 33 रन देकर 5 विकेट झटके और सिक्किम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। रचना सिंह और अपूर्वा कुमारी ने भी 2-2 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया। पूरी सिक्किम की टीम 46.5 ओवर में महज 135 रनों पर सिमट गई।
प्रगति और वैदेही की शानदार बल्लेबाजी: 35 ओवर में ही फतह
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। कप्तान प्रगति सिंह (45 रन) और वैदेही यादव (नाबाद 54 रन) के बीच हुई 92 रनों की विशाल साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया। बिहार ने केवल 35 ओवर में 3 विकेट खोकर 139 रन बना लिए और जीत का जश्न शुरू कर दिया।
अपूर्वा बनीं 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अपूर्वा कुमारी को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया, जबकि फाइनल में पांच विकेट लेने वाली खुशबू सी. कुमारी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष राकेश तिवारी और सचिव जियाउल आरफीन ने टीम को बधाई देते हुए इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया।
Report - narrotam kumar