Bikram Nagar Panchayat:नगर पुस्तकालय निर्माण और स्ट्रीट लाइट को हरी झंडी,बिक्रम के विकास के लिए बड़े फैसले
बिक्रम नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बोर्ड की सामान्य बैठक में विधायक और कार्यपालक पदाधिकारी की मौजूदगी में कई अहम विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।पुस्तकालय के निर्माण,जलापूर्ति के लिए नई निविदा जारी करने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त ....
पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को सामान्य बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत ढाँचे को मजबूत करने और विभिन्न जनहित योजनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक सिद्धार्थ सौरभ विशेष रूप से शामिल हुए।
नाली-गली और पेयजल योजनाओं पर मंथन, कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी-कार्यपालक पदाधिकारी
बैठक के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में नाली, गली, पेयजल व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई नई योजनाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न वार्डों से आए पार्षदों के प्रस्तावों को सुनते हुए सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा नगर की होल्डिंग टैक्स व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उसे अधिक व्यावहारिक बनाने पर भी आवश्यक सुझाव लिए गए।
नगर पुस्तकालय निर्माण, जलापूर्ति निविदा और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने पर निर्णय
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि जनहित से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर मुहर लगाई गई, जिसके तहत बिक्रम में एक आधुनिक नगर पुस्तकालय भवन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। साथ ही, शुद्ध जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुनः निविदा (Tender) जारी करने और पूरे नगर क्षेत्र को रोशन करने के लिए नई स्ट्रीट लाइटें लगाने तथा खराब पड़ी लाइटों की त्वरित मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया।
आपसी सामंजस्य से ही होगा नगर का चौमुखी विकास: विधायक सिद्धार्थ सौरभ
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने कहा कि बिक्रम का चौमुखी विकास हम सभी की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों और नगर प्रशासन के बीच बेहतर आपसी समन्वय एवं सामंजस्य से ही विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। विधायक ने सभी वार्ड पार्षदों से अपील की कि वे योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अपना पूर्ण सहयोग दें, ताकि नगरवासियों को हर बुनियादी सुविधा मिल सके।
समान विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुई बैठक, ये लोग रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं नगराध्यक्ष मनीता कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराना है। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार, लिपिक संतोष कुमार, अभियंता अभिषेक कुमार समेत वार्ड पार्षद फूलवंती देवी, बैद्यनाथ पासवान, स्मिता गुप्ता, रेनू देवी, सुनीता कुमारी, गायत्री देवी, संतोष कुमार, रुचि शर्मा और अभिजीत कुमार मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस बैठक में बिक्रम के समग्र विकास का संकल्प लिया गया।
बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट