बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन महोत्सव की भव्य तैयारी, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम
Supaul : जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक व प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर (धरहारा) में 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन माह को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा, सुविधा तथा सुगम जलाभिषेक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
एसडीएम और सीओ खुद कर रहे तैयारियों की निगरानी
सावन मेले की तैयारियों की कमान स्वयं वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति अध्यक्ष विनय कुमार और राघोपुर अंचलाधिकारी (सीओ) सह उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया ने संभाल रखी है। दोनों वरिष्ठ अधिकारी लगातार मंदिर परिसर का निरीक्षण कर टेंट, बैरिकेडिंग, पेयजल और दुकानों के प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वहीं, न्यास समिति के सचिव संजीव यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी समेत अन्य सदस्य परिसर में लगातार उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
हाथी गेट से प्रवेश और दक्षिणी द्वार से निकास: जलाभिषेक के लिए नया रूट चार्ट तैयार
इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए नया रूट चार्ट तैयार किया गया है:
- प्रवेश व कतार: श्रद्धालुओं को हाथी गेट से प्रवेश देकर पार्वती मंदिर के पीछे तथा मां बाबूजी धर्मशाला के सामने से होते हुए शिवगंगा पहुँचाया जाएगा।
- जलाभिषेक: शिवगंगा में जल भरने के बाद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग वाली कतारों से गर्भगृह में प्रवेश मिलेगा।
- निकास: गर्भगृह में जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु दक्षिणी द्वार से बाहर निकलेंगे और अन्य मंदिरों के दर्शन करते हुए हटिया गेट से बाहर जाएंगे।
दुकानों और सुविधाओं के लिए स्थान चिन्हित
मंदिर परिसर को सुव्यवस्थित रखने के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। शिवगंगा के पास केवल फूल विक्रेताओं की दुकानें होंगी। चंदन-टीका काउंटर विश्वकर्मा मंदिर के सामने और प्रसाद, खिलौने तथा पूजन सामग्री की दुकानें दुर्गा मंदिर के उत्तरी परिसर में लगेंगी। साथ ही दुर्गा मंदिर के पीछे नए शौचालय का निर्माण कराया गया है।
चारों तरफ बैरिकेडिंग, नो-व्हीकल ज़ोन घोषित
सावन के दौरान अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। गणपतगंज बाजार गेट, नहर पुल, गद्दी मार्ग पेट्रोल पंप, डुमरी मार्ग सरकारी पोखर और किसान चौक (रामजानकी ठाकुरबाड़ी) पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इन स्थानों से आगे निजी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालुओं को पैदल ही मंदिर तक जाना होगा।
20+ सीसीटीवी कैमरे, 24 घंटे मेडिकल और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पूरे मंदिर परिसर में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग स्वयं एसडीएम विनय कुमार और मंदिर कार्यालय करेगा। परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम तथा अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा बाहरी श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए जगह-जगह दिशा सूचक बैनर लगाए जा रहे हैं।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट