पटना के बिक्रम में पुलिस का छापा: गोइठा के ढेर से बरामद हुए कट्टे और कारतूस, एक गिरफ्तार

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के मोहनचक गांव में गुप्त सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ सुनील कुमार उर्फ 'टैक्टर' को गिरफ्तार किया।पालीगंज SDO ने प्रेस वार्ता कर मामले की पूरी पूरी जानकारी साझा की।

बिक्रम में अवैध कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ सुनील उर्फ 'टैक्टर' गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना। बिक्रम थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पालीगंज) ने बताया कि 28 जुलाई 2026 की रात्रि में बिक्रम थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मोहनचक में एक व्यक्ति अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है।


पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर विशेष टीम का गठन

सूचना का तुरंत सत्यापन करते हुए पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पालीगंज-2) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस बल रात करीब 11:15 बजे मोहनचक स्थित आरोपी के ठिकाने पर पहुँचा। पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी सुनील कुमार (26 वर्ष, पिता- रमेश प्रसाद यादव) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने दलान की दूसरी मंजिल पर गोइठा (उपलों) के ढेर के नीचे एक थैला छिपा रखा है। जवानों की मौजूदगी में जब तलाशी ली गई, तो उपलों के नीचे से एक  देशी कट्टा और 8MM KF अंकित दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।


पूछताछ में दोस्त अविनाश दुबे का नाम आया सामने

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से आगे की पूछताछ की, तो मामले में एक और नया मोड़ सामने आया। आरोपी सुनील कुमार ने खुलासा किया कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ (स्मैक) उसके ही गांव के दोस्त अविनाश दुबे (पिता- करीमन दुबे) ने कुछ दिन पहले उसे रखने के लिए दिए थे। अविनाश ने उसे हिदायत दी थी कि वह किसी को बताए बिना इन सामानों को अपने पास सुरक्षित छिपाकर रखे।


क्षेत्र में अवैध नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी पुलिस

पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों तथा मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है। बिक्रम थाना पुलिस अब आरोपी सुनील से मिले इनपुट के आधार पर उसके दोस्त अविनाश दुबे की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस मामले की आगे की जांच से इलाके में सक्रिय स्मैक और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का भंडाफोड़ हो सकता है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट