दुर्गा पूजा से पहले पटना पुलिस का एक्शन: बिक्रम में पुलिस ने पकड़ी 101 लीटर महुआ शराब,2000 लीटर जावा-महुआ विनष्ट

आगामी दुर्गा पूजा और त्योहारों को लेकर पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। बिक्रम थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 101 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की और मौके पर करीब 2000 लीटर अर्धनिर्मित शराब को नष्ट किया।

बिक्रम में पुलिस ने पकड़ी 101 लीटर महुआ शराब,2000 लीटर जावा-महुआ विनष्ट- फोटो : Reporter

आगामी त्योहारों और दुर्गा पूजा के मद्देनजर पटना जिले की बिक्रम थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आजाद नगर मुसहरी नहर के किनारे झाड़ियों से 101 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है।


2000 लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट

बरामदगी के साथ ही पुलिस ने मौके पर शराब बनाने के लिए डंप करके रखी गई लगभग 2000 लीटर अर्धनिर्मित शराब (जावा-महुआ) को पूरी तरह से विनष्ट कर दिया। हालांकि, पुलिस बल को अपनी ओर आते देख अवैध धंधे में संलिप्त मुख्य कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


थानाध्यक्ष का कड़ा संदेश: खलल डालने वालों पर होगी सख्ती

मामले की जानकारी देते हुए बिक्रम थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि आगामी दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रुख अपना रही है।


जंगली और सुनसान इलाकों में सघन तलाशी अभियान

छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे अपर थानाध्यक्ष बरुण कुमार ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार जंगली, सुनसान और सुरक्षित समझे जाने वाले इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने दोटूक कहा है कि शराब माफियाओं और अवैध धंधेबाजों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर गैर-जमानती धाराओं का शिकंजा

अपर थानाध्यक्ष ने यह भी कड़ी चेतावनी दी है कि दुर्गा पूजा के दौरान यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाता है या सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सीधे गैर-जमानती धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर भी पैनी नजर बनाए हुए है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट