बेगूसराय में पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर सवाल, जांच में खानापूर्ति का आरोप, अधिकारी पर बदसलूकी की शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वार्ड सदस्य प्रतिनिधि जफिर आलम ने जिला प्रशासन से जांच की मांग की थी। उनका कहना है कि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर मुकदमा दर्ज कराने क
Bihar News : बिहार में सरकारी योजनाओं के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। बेगूसराय के बछवारा प्रखंड की रुदौली पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे पंचायत सरकार भवन के निर्माण में अनियमितता का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि जांच के नाम पर महज खानापूर्ति की गई और विरोध करने पर अधिकारियों ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वार्ड सदस्य प्रतिनिधि जफिर आलम ने जिला प्रशासन से जांच की मांग की थी। इसके बाद जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा कुमारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के दौरान अधिकारी संवेदक के साथ भवन के अंदर चली गईं और दरवाजा बंद कर लिया। उनका कहना है कि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई।
स्थानीय शिक्षक न्यूटन कुमार ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिकायत के बाद उन्हें विभागीय दबाव के जरिए प्रताड़ित किया जा रहा है, जान से मारने की धमकी दी गई है और उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
निर्माण स्थल पर शराब की बोतलें मिलने का भी आरोप
ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के पीछे शराब की बोतलें फेंके होने का दावा करते हुए निर्माण कार्य में लगे कुछ लोगों पर शराब पीने और हंगामा करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, जांच की पारदर्शिता और ग्रामीणों की शिकायतों पर प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट