विधान परिषद उपचुनाव के लिए भाजपा अरविंद शर्मा ने किया नामांकन, जीत तय, जानिए कैसे

मंगल पांडेय के विधायक बनने के कारण रिक्त हुई एमएलसी सीट के लिए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने गुरुवार को नामांकन किया जिनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा है.

Arvind Sharma- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए सूर्य कुमार शर्मा उर्फ़ अरविंद शर्मा ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया. एक दिन पहले ही भाजपा ने अरविंद शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया था. 30 अप्रैल को नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित होने के कारण उन्होंने अपना नामांकन किया. उनके नामांकन के दौरान बिहार भाजपा के सभी बड़े नेता मौजूद रहे. चूंकि बिहार विधानसभा में संख्या बल सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के पक्ष में है. ऐसे में अरविंद शर्मा की जीत लगभग तय मानी जा रही है. विपक्षी खेमे से अब तक किसी के नाम की घोषणा नहीं होने से इनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है.

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, हम के संतोष सुमन सहित कई अन्य एनडीए नेता मौजूद रहे.

कौन हैं अरविंद शर्मा 

अरविंद शर्मा काफी समय से बिहार बीजेपी के प्रदेश कार्यालय प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पार्टी के अंदर उनकी पहचान एक समर्पित और शांत स्वभाव के रणनीतिकार के रूप में होती है। प्रदेश कार्यालय के संचालन से लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।

भाजपा की बधाई
बिहार बीजेपी ने एक्स पर बधाई देते हुए कहा कि संगठन में वर्षों तक जमीन पर रहकर की गई मेहनत और कार्यकर्ताओं के बीच आपकी सक्रिय भूमिका को मिला यह सम्मान भाजपा की कार्यकर्ता संस्कृति को और मजबूत करता है. पूर्ण विश्वास है कि आप संगठन के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे.

मंगल पांडेय की सीट हुई है खाली 
दरअसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय के सिवान से विधानसभा चुनाव जीतने के कारण एमएलसी की यह सीट खाली हुई है. इसी कारण उपचुनाव हो रहा है और भाजपा ने अरविंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है. अरविंद शर्मा के नामांकन दाखिल करने के दौरान उन्हें शुभकामनाएं देने खुद मंगल पांडेय भी मौजूद रहे.