Bihar Cabinet Decision : अब इस नाम से जाना जायेगा जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय, राज्य मंत्रिपरिषद ने नए नामकरण को दी मंजूरी

Bihar Cabinet Decision : जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय को अब आधिकारिक तौर पर “भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय–सह–वाचनालय” के नाम से जाना जाएगा......पढ़िए आगे

Bihar Cabinet Decision : अब इस नाम से जाना जायेगा जननायक कर्
जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय का बदला नाम - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में वाचनालय शुरू होने वाला है। बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के संग्रहालय निदेशालय के अंतर्गत स्थापित कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में वाचनालय प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। 

कैबिनेट के इस निर्णय के तहत संग्रहालय के नाम में भी संशोधन करते हुए इसे “भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय–सह–वाचनालय” करने का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने इस स्थल के भ्रमण के दौरान इसे अध्ययन एवं शोध के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई थी। 

इस फैसले पर खुशी जताते हुए संग्रहालय निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी न्याय समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवन भर संघर्षरत रहे। पिछड़े वर्गों के उत्थान एवं आरक्षण नीति को प्रभावी रूप से लागू करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही। 26 जनवरी 2024 को मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। ये घोषणा उनके सम्मान में चार चांद लगाने जैसा है।  

इस निर्णय का उद्देश्य जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन, विचारों एवं योगदान को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाना और विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं आमजन के लिए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराना है। वाचनालय की स्थापना से यह संग्रहालय ज्ञान एवं विमर्श का एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। साथ ही परिसर में आगंतुकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।